आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड पर गरजा बिंद समाज, गिरफ्तारी और एक करोड़ मुआवजे की मांग को लेकर विशाल धरना

गाजीपुर। जौनपुर के चर्चित आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड को लेकर सोमवार को वीर एकलव्य एवं फूलन देवी यादगार समिति के बैनर तले सरजू पांडे पार्क में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने में बड़ी संख्या में बिंद समाज के लोगों सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी, कठोर कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जोरदार आवाज उठाई।
धरना-सभा की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष डॉ. नन्दलाल बिंद ने की। वक्ताओं ने मांग की कि मृतक आजाद बिंद के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूरज राम बागी ने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल है।read more:https://pahaltoday.com/farmers-begin-indefinite-protest-over-8-point-demands-organization-officials-sit-on-fast-unto-death/उन्होंने कहा कि जौनपुर के आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड में अब तक दोषियों की गिरफ्तारी न होना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।
उन्होंने गाजीपुर की चर्चित निशा विश्वकर्मा और विनीत राय हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। कानून का भय अपराधियों में दिखाई देना चाहिए, तभी आम नागरिक सुरक्षित महसूस करेंगे। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. नन्दलाल बिंद ने कहा कि प्रदेश की जनता सुरक्षा, न्याय और सुशासन की अपेक्षा रखती है। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में पूर्व मंत्री चौधरी लालता प्रसाद निषाद, समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, सीपीआई के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमेरिका यादव, रमेश यादव, रविन्द्र कुमार एडवोकेट, मुसाफिर बिंद, रामदरश बिंद, परशुराम बिंद, महेन्द्र बिंद, कन्हैया बिंद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जगतमोहन बिंद एडवोकेट ने किया।
धरने के अंत में प्रशासन को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए मांग की गई कि आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड सहित अन्य चर्चित मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जाए और पीड़ित परिवारों को न्याय एवं उचित सहायता उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *