नई दिल्ली। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों के लिए भयंकर चक्रवाती आंधी, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे बेहद संवेदनशील होने जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि इस मौसमी बदलाव के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा भी तेजी से आगे बढ़ रही है और अगले 2-3 दिनों में इसके अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों में पहुंचने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। वहीं दूसरी तरफ उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आज भारी बारिश और ओलावृष्टि के साथ 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पहाड़ों पर हो रहे इस बदलाव के कारण मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं पहुंचेंगी, जिससे आने वाले दिनों में मैदानी राज्यों के तापमान में और कमी देखी जाएगी। बिहार में आज 60 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज तूफान और भारी बारिश की गंभीर चेतावनी है, जबकि झारखंड में 31 मई तक 50 से 60 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है।read morer:https://pahaltoday.com/indias-dominance-in-space-technology-joins-the-us-china-club/मध्य प्रदेश की बात करें तो आज पूर्वी हिस्सों में लू का आखिरी असर रहेगा, जिसके बाद आज और कल पूरे राज्य में ओलावृष्टि और 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफान का अलर्ट है। छत्तीसगढ़ में भी 31 मई तक तेज आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है, जिससे गर्मी का असर कम हो जाएगा। उप्र, दिल्ली और हरियाणा में भारी तबाही की आशंका मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए आज के दिन को काफी संवेदनशील बताया है। पश्चिमी यूपी में 80 से 100 किमी/घंटे और पूर्वी यूपी में 70 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफान आने और ओले गिरने की प्रबल आशंका है। पूरे राज्य में अगले कुछ दिनों तक 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और 31 मई को पूर्वी यूपी में भारी बारिश होगी। इसके अलावा, दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में भी आज 70 से 80 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफान आने, ओलावृष्टि होने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।