सहारनपुर। शहर के जनता रोड स्थित खेल मैदान में रविवार को सहारनपुर फुटवियर प्रीमियर लीग (एफपीएल) 2026 का भव्य शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर शहर के जूता कारोबारियों, व्यापारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही। पूरे मैदान में क्रिकेट का रोमांच, खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की तालियों की गूंज देखने को मिली।
सहारनपुर के फुटवियर कारोबारियों द्वारा आयोजित यह क्रिकेट टूर्नामेंट 25 मई से 29 मई तक चलेगा। प्रतियोगिता में प्रतिदिन चार टीमें 10-10 ओवर के मुकाबले खेलेंगी। इस टूर्नामेंट में खास बात यह है कि सभी टीम के खिलाड़ी जूता व्यवसाय से जुड़े हुए हैं आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों के बीच भाईचारा बढ़ाना, तनावपूर्ण जीवन से कुछ समय निकालकर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।
उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों का परिचय कराया गया और सभी टीमों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता खेलने का संकल्प लिया। सबसे पहले राष्ट्रगीत गाकर खिलाड़ी मैदान पर रंग-बिरंगी ड्रेस में उतरे । खिलाड़ियों के परिवारों से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे जोश के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।read more:https://pahaltoday.com/bjp-called-a-meeting-of-power-centers/
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि अनुशासन, फिटनेस, आत्मविश्वास और टीम भावना का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है और खेल इसके लिए सबसे बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट देश का सबसे लोकप्रिय खेल बन चुका है, जो लोगों को जोड़ने का काम करता है। उन्होंने फुटवियर कारोबारियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि व्यापार के साथ-साथ खेलों में भागीदारी समाज को सकारात्मक दिशा देती है। ऐसे आयोजन आपसी सौहार्द बढ़ाने के साथ युवाओं को भी प्रेरणा देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ मैच खेलने की अपील की। आयोजकों ने बताया कि एफपीएल 2026 का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं बल्कि व्यापारियों और युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना भी है। आयोजकों का कहना था कि यदि शरीर स्वस्थ रहेगा तो व्यक्ति अपने व्यवसाय और सामाजिक जीवन में बेहतर प्रदर्शन कर सकेगा। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ जीवन जीना है तो खेल को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।” टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में सोल स्ट्राइकर और शो वॉरियर टीम आमने-सामने रहीं। मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। सोल स्ट्राइकर के कप्तान संचित बत्रा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 109 रन बनाए। हालांकि पूरी टीम ऑलआउट हो गई, लेकिन बल्लेबाजों ने तेज रन गति से स्कोर खड़ा कर मैच को रोमांचक बना दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शो वॉरियर टीम के कप्तान कुणाल पात्रा के नेतृत्व में बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। टीम के खिलाड़ी लगातार विकेट गंवाते रहे और निर्धारित 10 ओवर में केवल 67 रन ही बना सके। इस तरह सोल स्ट्राइकर ने 42 रन से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। मैच के दौरान चौकों-छक्कों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी लव बत्रा को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। उन्हें रायवाला कपड़ा मार्केट एसोसिएशन के वरिष्ठ व्यापारी नेता अंतरिक्ष अरोड़ा ने सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। वरिष्ठ व्यापारी नेता अंतरिक्ष अरोड़ा ने कहा कि व्यापारियों द्वारा खेलों को बढ़ावा देना बेहद सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने के लिए खेल प्रतियोगिताएं बेहद जरूरी हैं। अंतरिक्ष अरोड़ा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जो भी टीम टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचेगी, उसका एक मैत्री मैच उनकी टीम के साथ भी कराया जाएगा। उनके इस ऐलान पर मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन व्यापारिक समाज में मेलजोल और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि व्यापारिक वर्ग को केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सामाजिक और खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और नई पीढ़ी को बेहतर दिशा मिलती है। टूर्नामेंट के दौरान पूरे मैदान में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। दर्शकों ने टीमों का उत्साह बढ़ाने के लिए तालियों और नारों से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। कई व्यापारियों ने इसे सहारनपुर के व्यापारिक समाज के लिए एक नई और सकारात्मक शुरुआत बताया। आयोजकों ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में टूर्नामेंट के मुकाबले और भी रोमांचक होंगे। प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष सम्मान दिया जाएगा। एफपीएल 2026 के शुभारंभ ने यह संदेश दिया कि खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं बल्कि समाज को जोड़ने, स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।