लोधेश्वर महादेव धाम कॉरिडोर का काम जारी, 29 मकानों पर चला बुलडोजर

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट लोधेश्वर महादेव धाम कॉरिडोर का निर्माण कार्य बाराबंकी जिले की रामनगर तहसील में शुरू हो गया है। प्रशासन ने कॉरिडोर निर्माण के लिए अधिग्रहित 29 मकानों को ध्वस्त कर दिया है। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देश पर तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम ने सोमवार तक करीब 30 अधिग्रहित मकानों और दुकानों में से 29 को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया। ध्वस्त किए गए मकानों का मलबा भी तेजी से हटाया जा रहा है। ठेकेदार अरशद की निगरानी में जेसीबी मशीनों से मलबे को दूसरी जगह डंप किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान रामनगर क्षेत्र के लोगों से लोधेश्वर महादेव धाम में कॉरिडोर निर्माण का वादा किया था। अब इस परियोजना पर अमल शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि ध्वस्त मकानों से निकले पुराने ईंट-पत्थरों को मलबा हटाने के बाद करीब 3500 रुपये में बेचा जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।read more:https://worldtrustednews.in/those-who-helped-in-making-the-parshuram-janmotsav-yatra-successful-were-honored-by-the-national-parshuram-council/ धाम पहुंचे श्रद्धालु अवधेश कुमार, रामानुज, देवेश और देव कुमार ने बताया कि करोड़ों रुपये स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण कार्य की गति धीमी है। उन्होंने प्रशासन से काम में तेजी लाने की मांग की, ताकि भविष्य में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। अधिग्रहण अभियान के तहत संस्कृत पाठशाला सहित कुछ अन्य भवनों पर अभी कार्रवाई बाकी है। मंदिर के सामने स्थित कुछ मकानों पर कार्रवाई न होने से क्षेत्र में चर्चाएं जारी हैं। आनंद कुमार तिवारी ने बताया कि कुल 30 मकानों और दुकानों का अधिग्रहण किया गया है। वहीं तहसीलदार विपुल सिंह ने कहा कि शेष भवनों को हटाने की प्रक्रिया जारी है और मलबा प्रशासन की निगरानी में हटवाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *