म्योरपुर, सोनभद्र। भीषण गर्मी के बीच म्योरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत किरवानी में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। हर घर नल जल योजना के तहत होने वाली पानी की सप्लाई पिछले लगभग 20 दिनों से बाधित है, जिससे ग्रामीणों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालात यह हैं कि लोग दूर-दराज से पानी लाने और सिर पर ढोने को मजबूर हैं।read more:https://pahaltoday.com/cm-vijay-created-a-record-by-including-8-dalit-mlas-in-the-cabinet/
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी बढ़ते ही गांव में जलस्तर नीचे चला जाता है, जिससे हैंडपंप और कुएं सूख जाते हैं। ऐसे में गांव के लोगों के लिए नल का पानी ही एकमात्र सहारा रहता है, लेकिन वही व्यवस्था अब पूरी तरह ठप पड़ी है। भीषण गर्मी में पानी की किल्लत से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीण सुबह से ही पानी की तलाश में इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। गांव में जल संकट को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण शिवप्रसाद, विजय, राजेश, राकेश, जवाहिर, रामगति, लालचंद्र, रामकेश्वर और पन्नालाल समेत कई लोगों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराते हुए तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। वहीं, जब इस संबंध में जीवीपीआर के अभियंता सुधीर कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन पर सिर्फ इतना कहा कि मीटिंग में हूं, बाद में बात करता हूं। अधिकारियों के इस रवैए से ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर हर घर जल योजना का प्रचार कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि गांवों में लोग आज भी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।