क्वेटा। पाकिस्तान के क्वेटा शहर में एक बड़ा और भीषण बम धमाका हुआ है, जिसमें भारी संख्या में जान-माल के नुकसान की खबर है। शुरुआती स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह जोरदार धमाका क्वेटा में फ्रंटियर कोर के हेडक्वार्टर के गेट के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर हुआ। विस्फोट उस समय हुआ जब कैंट की तरफ से आ रही एक ट्रेन वहां से गुजर रही थी। धमाका इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन की एक बोगी के परखच्चे उड़ गए, कई डिब्बे पटरी से उतर गए और रेलवे ट्रैक के आसपास के इलाके में भीषण आग लग गई। जानकारी के अनुसार, इस दिल दहला देने वाले हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। सभी घायलों को इलाज के लिए क्वेटा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।read more:https://pahaltoday.com/environment-conservation-seminar-organized-on-international-biodiversity-day/ धमाके के बाद आसमान में धुएं का भयंकर गुबार देखा गया और रेलवे ट्रैक के पास खड़े कई वाहन भी जलकर खाक हो गए। यह हादसा क्वेटा के मन फाटक इलाके में पेश आया है। यह आत्मघाती हमला ऐसे समय में हुआ है जब हाल ही में पाकिस्तानी सेना के प्रमुख आसिम मुनीर ने क्वेटा का दौरा किया था और वहां तैनात टुकड़ियों के अधिकारियों व सैनिकों से बातचीत कर सुरक्षा माहौल की समीक्षा की थी। सेना के इस दौरे के बीच ही उग्रवादियों ने इस बड़े हमले को अंजाम दिया है। माना जा रहा है कि यह हमला पाकिस्तानी सेना द्वारा बलूचिस्तान प्रांत में चलाए जा रहे उग्रवाद विरोधी अभियानों का बदला हो सकता है। दरअसल, प्रांतीय सरकार के प्रवक्ताओं के अनुसार, हाल ही में सुरक्षा बलों ने क्वेटा के बाहरी पहाड़ी इलाके मंगला जरघून गार में चार दिनों तक लंबा खुफिया अभियान चलाया था। इस सफल सैन्य कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने उग्रवादी समूहों के कई शिविरों और ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया था, जिसमें 35 उग्रवादी मारे गए थे और तीन वरिष्ठ कमांडरों को गिरफ्तार किया गया था। इस बड़ी सैन्य कार्रवाई की बौखलाहट में ही उग्रवादियों द्वारा इस आत्मघाती रेल धमाके को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्वेटा शहर और संवेदनशील ठिकानों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।