पटना घाट मार्ग की बदहाली पर सपा का अल्टीमेटम,15 दिन में काम शुरू न होने पर धरना-अनशन की चेतावनी

बड़हलगंज में पटना चौराहा से पटना घाट तक जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सपा नेता सूरज जायसवाल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क का निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ, तो पार्टी कार्यकर्ता पटना चौराहे पर धरना-प्रदर्शन और अनशन करेंगे। ज्ञापन में बताया गया है कि यह मार्ग वर्षों से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और दैनिक यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में जलजमाव के कारण सड़क दलदली हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।  सपा नेता सूरज जायसवाल ने आरोप लगाया कि यह मार्ग लोक निर्माण विभाग (PWD) और आंशिक रूप से नगर पंचायत के अधीन होने के बावजूद, संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या के प्रति उदासीन हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, पीडब्ल्यूडी मंत्री बृजेश पाठक और प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी अजय चौहान को पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।  ज्ञापन में यह भी उल्लेख है कि चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के बड़हलगंज में पटना चौराहा से पटना घाट तक सड़क के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 2.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू न होने पर सपा नेता ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि यदि धनराशि जारी हो चुकी है, तो तत्काल कार्य शुरू कराया जाए और देरी के कारणों की जांच की जाए।read more:https://pahaltoday.com/90-of-villages-have-connections-yet-water-is-supplied-through-tankers/सपा नेता सूरज जायसवाल ने स्थानीय विधायक राजेश त्रिपाठी और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति उमर पर भी जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सड़क की दुर्दशा से जनता परेशान है। यदि 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी द्वारा पटना चौराहे पर धरना एवं अनशन किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *