पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, लूट की बाइक बरामद; गोली लगने से एक आरोपी घायल

शेरकोट। थाना क्षेत्र में हुई बाइक लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो किशोर साथियों को पुलिस ने अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर बाइक, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार ग्राम शाहनगर कुराली निवासी शिवकांत पुत्र संजीव कुमार ने थाना शेरकोट में तहरीर देकर बताया था कि 15 मई की रात वह अपने साथी सौराम के साथ स्प्लेंडर बाइक से हरेवली अस्पताल खाना देकर वापस लौट रहे थे। आरोप है कि जब वे गिरीराज इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, तभी अर्टिगा कार में सवार कुछ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर दोनों युवकों को धमकाया और उनकी स्प्लेंडर बाइक तथा मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।पुलिस के मुताबिक शनिवार तड़के करीब 2:35 बजे शेरकोट-अफजलगढ़ मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।घायल बदमाश की पहचान निकुंज पुत्र राकेश सिंह निवासी टांडा गोरा विक्रमपुर, थाना बाजपुर जनपद ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई। पुलिस ने घायल आरोपी को कब्जे में लेकर तत्काल उपचार के लिए सीएचसी धामपुर भेजा। वहीं उसके दो किशोर साथियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।read more:https://pahaltoday.com/deputy-rmo-inspected-wheat-procurement-and-storage-arrangements-at-kaimganj-mandi/
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर बाइक, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार बरामद बाइक वही है जिसे 15 मई की रात लूटा गया था।पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ क्षेत्र में लूट की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। बाइक लूट की घटना के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर आरोपी अर्टिगा कार छोड़कर फरार हो गए थे। इसके बाद उन्होंने लूटी गई बाइक को झाड़ियों में छिपा दिया था ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घायल आरोपी निकुंज के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से अपराध की दुनिया से जुड़ा हुआ है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश में जुट गई है।पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक मोहित चौधरी, उपनिरीक्षक संजयपाल, उपनिरीक्षक अंकित सिंह समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *