गाजीपुर। जनपद में संभावित बाढ़ एवं गंगा कटान की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को तहसील सेवराई क्षेत्र अंतर्गत नरवा घाट गहमर एवं सोझवा घाट गहमर में चल रहे कटान रोधक निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप हो रहे कार्यों का गहन परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कटान रोधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ और कटान से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि बरसात के मौसम में ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।read more:https://pahaltoday.com/abhinandan-2026-became-a-historic-platform-for-education-and-talent-recognition-garnering-widespread-attention/
डीएम ने निर्माण स्थल पर प्रयुक्त की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड वाराणसी को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य 30 जून 2026 तक हर हाल में पूर्ण करा लिए जाएं। कार्य में ढिलाई पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में बाढ़ एवं कटान से बचाव के लिए संचालित परियोजनाओं की नियमित निगरानी जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग कर समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सेवराई सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।