नगर निकायों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान, विकास योजनाओं को मिलेगी गति: डीएम अनुपम शुक्ला

गाजीपुर । स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जल प्रबंधन को केंद्र में रखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आडिटोरियम हाल में नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी (ईओ) तथा सभासदगण उपस्थित रहे।read more:https://pahaltoday.com/anganwadi-workers-stage-protest-at-collectorate-send-memorandum-to-chief-minister/बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निकायों की कई समस्याएं समय पर जिला प्रशासन तक नहीं पहुंच पातीं, जिससे उनके समाधान में विलंब होता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।उन्होंने बताया कि भवन नक्शा पास कराने की प्रक्रिया को ऑनलाइन माध्यम से सरल बनाया जा सकता है। साथ ही नगर सृजन योजना, दीनदयाल योजना सहित अन्य विकास परियोजनाओं के लिए शासन से धनराशि प्राप्त करने हेतु प्रस्ताव भेजे जा सकते हैं। गंगा तट पर स्थित नगर निकायों के विकास के लिए इको-टूरिज्म जैसे प्रोजेक्ट तैयार कर शासन को भेजने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सीवर प्रबंधन के तहत बायोरेमेडिएशन के स्थान पर बायो-सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने तथा मौजूदा प्लांट की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 1995 के बाद नगर पालिकाओं के वार्डों का विस्तार नहीं हुआ है, ऐसे में आवश्यकतानुसार क्षेत्र विस्तार की कार्यवाही की जानी चाहिए।  बैठक में लंबित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 की नई कार्य योजनाओं को शीघ्र तैयार कर स्वीकृति लेने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी, प्रत्येक मोहल्ले में समुचित प्रकाश व्यवस्था, विशेषकर अस्पतालों, स्कूलों एवं कॉलेजों के आसपास लाइट की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।  इसके अलावा, आंतरिक सड़कों के संतृप्तिकरण, छठ पूजा के लिए घाटों के निर्माण, बरसात से पूर्व नालियों की सफाई एवं मरम्मत कार्य समय रहते पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों पर ढक्कन लगाने और टूटे हिस्सों की मरम्मत कराने को प्राथमिकता देने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में खेल मैदान एवं पार्क विकसित करने के निर्देश देते हुए सभासदों से सीधे संवाद कर उनके वार्डों की समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, कासिमाबाद के उपजिलाधिकारी लोकेश कुमार, सैदपुर की उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *