सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के मझिगावां गांव में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत स्थापित मिलेट्स (मोटा अनाज) प्रोसेसिंग यूनिट का जिलाधिकारी बीएन सिंह ने उद्घाटन किया। इस यूनिट का स्थापना कार्य स्थानीय उद्यमी प्रदीप कुमार गुप्ता द्वारा किया गया है, जिसके लिए बैंक से 13 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत हुआ है। योजना के अंतर्गत 35 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) भी प्रदान की गई है।जिलाधिकारी ने बताया कि यह यूनिट जनपद की पहली नवाचार आधारित मिलेट्स प्रोसेसिंग इकाई है, जिसमें लगभग 92 प्रकार के मोटे अनाजों की प्रोसेसिंग की क्षमता है। उद्घाटन के दौरान कोदो, सावां एवं चिरौंजी जैसे उत्पादों का ट्रायल भी सफलतापूर्वक प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की इकाइयों से किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि सोनभद्र जनपद मोटे अनाज उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है और इस पहल से किसानों को सीधा लाभ प्राप्त होगा। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अभियंता (पी.डब्ल्यू.डी) सहित अन्य अधिकारीगण एवं उद्यमी उपस्थित रहे।