बिजली के खंभे से टकराई बाइक, पिता-पुत्र घायल

म्योरपुर, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर गुरुवार सुबह करीब नौ बजे नधीरा बैरियर के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार झारो खुर्द निवासी रामनारायण उम्र 32 वर्ष पुत्र मनोहर अपने तीन वर्षीय पुत्र आयुष के साथ बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे नधीरा बैरियर के पास पहुंचे, बाइक नियंत्रण खो बैठी और सीधे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और आसपास मौजूद युवकों ने तत्परता दिखाते हुए घायल मासूम आयुष को निजी वाहन से तथा रामनारायण को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया। जहां तैनात चिकित्सक डा. शिशिर श्रीवास्तव ने प्राथमिक उपचार के बाद रामनारायण की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि आयुष का इलाज सीएचसी में जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही म्योरपुर थाने के एसआई जितेंद्र नाथ राम मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गए। परिजनों के अनुसार रामनारायण अपनी पत्नी और बच्चे के साथ काचन गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था और वहीं से पत्नी को छोड़कर बेटे आयुष को लेकर नधीरा स्थित बहन के घर जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *