पहल टुडे, रवि प्रकाश द्विवेदी संग्रामपुर/अमेठी। जनपद के स्थानीय ब्लॉक संग्रामपुर क्षेत्र के तारापुर स्थित केपीएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बुधवार को सीबीएसई बोर्ड द्वारा जारी हाईस्कूल (दसवीं) परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।विद्यालय के कुल 60 विद्यार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जिनमें सभी छात्र-छात्राएं सफल रहे और विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के छात्र अभिनव मिश्रा ने 97.8% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शाश्वत गौतम ने 97.6% अंकों के साथ द्वितीय और प्रियांशु सिंह ने 97.2% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के लगभग 15% विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि करीब 50% विद्यार्थियों ने विशेष योग्यता के साथ परीक्षा उत्तीर्ण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।विद्यालय के प्रबंधक राघवेन्द्र प्रताप सिंह (राघवेंद्र सरकार) और प्रधानाचार्य बजरंग बहादुर सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर प्रबंधक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि “यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। भविष्य में भी विद्यालय इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा।”प्रबंधक द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं के घर पहुंचकर उन्हें एवं उनके परिजनों को मिठाईयाँ खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं, जिससे खुशी का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।इस अवसर उप प्रधानाचार्या निशा सिंह, वीरेंद्र बहादुर सिंह, रमेश चंद्र सिंह, ललित मिश्रा, श्याम शंकर मिश्रा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।