हत्या मामले में नामजद आरोपियों पर कार्रवाई न होने से पीड़िता परेशान, जान से मारने की धमकी का आरोप

पहल टुडे हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात। जनपद के थाना बरौर क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां हत्या के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार दहशत में है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनन्तापुर निवासी संगीता देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र विकास कुमार की हत्या के मामले में दिनांक 03 जून 2024 को थाना हाजा बरौर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने इस मामले में रजनेश, रामकुमार, बबलू, सोहन, सचिन, विकास समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, लेकिन अब तक आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल नहीं किया गया है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें और उनके परिवार को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार न्यायालय और थाने आते-जाते समय आरोपियों ने बाइक से टक्कर मारकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की।हाल ही में 18 मार्च 2026 को पीड़िता दवा लेने जा रही थीं, तभी आरोपियों ने पीछे से मोटरसाइकिल से टक्कर मार दी, जिससे वह गिरकर घायल हो गईं और उनका हाथ टूट गया। पीड़िता ने इलाज भी कराया है।पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी दी है कि यदि उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो अगली बार जान से मार देंगे। इस पूरे मामले को लेकर पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *