सहारनपुर। उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के तत्वावधान में महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले में वॉलीबॉल एवं हैंडबॉल की जिला स्तरीय अस्मिता लीग का आयोजन 24 अप्रैल को स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर जेवी जैन कॉलेज में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को सफल बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस प्रतियोगिता में जिले की कोई भी महिला टीम भाग ले सकती है। हैंडबॉल टीम में न्यूनतम 10 और अधिकतम 12 खिलाड़ी तथा वॉलीबॉल टीम में न्यूनतम 8 और अधिकतम 12 खिलाड़ियों का होना आवश्यक होगा। विजेता और उपविजेता टीमों को टी-शर्ट एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। टीम एंट्री के लिए इच्छुक खिलाड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स कोच एवं प्रतियोगिता के संयुक्त आयोजन सचिव लाल धर्मेंद्र प्रताप से संपर्क कर सकते हैं। सभी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता में अधिक से अधिक महिला खिलाड़ी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। बैठक में मुस्तकीम अंसारी, लाल धर्मेंद्र प्रताप, मनीष कुमार, श्रीमती निशु राणा एवं आचार्य भीम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। बैठक का संचालन डॉ. संदीप गुप्ता ने किया।