बाराबंकी। ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) बड़ागांव में सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों के सम्मान में एक भव्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 6 शिक्षकों और 3 शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया। समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार एवं डायट प्रवक्ता महेंद्र कुमार ने अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सभी को सम्मानित किया और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार ने कहा कि यह समारोह केवल विदाई नहीं, बल्कि शिक्षकों के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का उत्सव है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं और वे कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, बल्कि जीवन भर शिक्षा की अलख जगाते रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्राथमिक शिक्षा को मजबूत बनाने में शिक्षामित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके योगदान की सराहना होनी चाहिए। डायट प्रवक्ता महेंद्र कुमार ने कहा कि यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि शिक्षक समाज को हमेशा शिक्षित करते रहते हैं।read more:https://pahaltoday.com/sampoorna-samadhan-diwas-was-organized-under-the-chairmanship-of-dm/ उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे अपने अनुभव से नए शिक्षकों का मार्गदर्शन करते रहें। कार्यक्रम में शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि शिक्षामित्रों के अधिकार और सम्मान के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने मानदेय बढ़ोतरी के लिए सरकार का धन्यवाद दिया, लेकिन साथ ही उचित मेहनताना मिलने की मांग भी दोहराई। समारोह में कंपोजिट विद्यालय हेतमपुर के प्रधानाध्यापक मो. तूफेल, रजाईपुर के चक्रपाणी मिश्रा, अतरौली की राशिदा प्रवीण, धरमपुर कटरा की शाबाना सिद्दीकी, शाहपुर की विचित्रा वर्मा, बांसा की गायत्री जायसवाल सहित अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा शिक्षामित्र राज बहादुर वर्मा और विनोद कुमार मिश्रा को विशेष रूप से साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राजेश कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर एआरपी आदित्य कुमार, पूर्व बीआरसीसी बी सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा, आरती सिंह, गरिमा मिश्रा, सोनिका मिश्रा, अमृता श्रीवास्तव, पूनम गौस्वामी सहित कई शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नूर मोहम्मद, पूर्व प्रधान राममूर्ति यादव और राघवेंद्र यादव समेत अन्य ग्रामीणों की भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी रही।