पहल टुडे हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात। अकबरपुर विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत निबौली बुजुर्ग में विकास कार्यों की हकीकत सामने आ रही है। गांव में जलभराव की गंभीर समस्या से ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है। हालात यह हैं कि अम्बेडकर पार्क के ठीक सामने लंबे समय से पानी भरा हुआ है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं।ग्रामीणों का कहना है कि आने वाली 14 अप्रैल को बाबा भीमराव अंबेडकर की जयंती के मद्देनजर यहां लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, लेकिन जलभराव के कारण श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान द्वारा नाली निर्माण का कार्य शुरू तो कराया गया, लेकिन उसे अधूरा छोड़ दिया गया, जिसके चलते पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में लोगों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नाली निर्माण कार्य पूरा कराया जाए और जलभराव की समस्या से निजात दिलाई जाए, ताकि गांव में सामान्य जनजीवन बहाल हो सके और अंबेडकर जयंती कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। अजय विजय शिवराज अनिल रिंकू दयाराम कुलदीप दिनेश आदि लोग मौजूद रहे