बाराबंकी। सरावगी मोहल्ले स्थित श्री छोटी धनुष यज्ञ मैदान सेवा समिति द्वारा आयोजित श्री सीताराम स्वयंवरोत्सव 2026 का समापन अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के साथ भव्य तरीके से हुआ। 29 मार्च से चल रहे इस आयोजन के अंतिम दिन देश-प्रदेश के चर्चित कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा।मुख्य अतिथि डॉ. विवेक वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वाणी वंदना प्रियांशु गजेंद्र ने प्रस्तुत की, जबकि संचालन विनय शुक्ल ने किया।कवि सम्मेलन में प्रियांशु गजेंद्र, प्रमोद पंकज, अनुभव अज्ञानी, डॉ. ओम शर्मा, हेमा पाण्डेय, अमन सोनी, कनक तिवारी समेत कई कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। राम भक्ति से ओतप्रोत कविताएं, सामाजिक सरोकारों पर व्यंग्य और भावनात्मक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
समिति के सदस्यों ने सभी कवियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया। आयोजन को सफल बनाने में विजय शंकर सोनी, राजेश रस्तोगी, आशीष गुप्ता, मनीष गुप्ता, तेजनारायण सोनी सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। देर रात तक चली इस काव्य संध्या ने पूरे क्षेत्र को साहित्यिक रंग में रंग दिया।