सबहेड: डॉ. अम्बेडकर के विचारों के प्रसार और सामाजिक समरसता के संदेश के लिए भव्य शोभा यात्रा

गाजियाबाद। भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता का संदेश फैलाने के उद्देश्य से 4 अप्रैल को गाजियाबाद में भव्य और ऐतिहासिक भीम बारात,शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा शाम 5:30 बजे घूकना मोड़ स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा से प्रारंभ होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नवयुग मार्किट स्थित भीमराव अंबेडकर पार्क पर समापन के साथ संपन्न होगी।आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। शोभा यात्रा मेरठ रोड, सोमवार बाजार, गुरुद्वारा, उदल नगर, पुराना बस अड्डा, संतोष मेडिकल के पास चार मूर्ति बुद्ध विहार, मालीवाड़ा चौक और डासनागेट जैसे प्रमुख स्थानों से गुजरेगी। पूरे मार्ग पर स्वागत और सुरक्षा की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और भव्य रूप से संपन्न हो सके।आयोजन समिति के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह ने बताया कि यह आयोजन केवल एक शोभा यात्रा नहीं, बल्कि बाबा साहेब के संविधान, समानता, शिक्षा और अधिकारों के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का एक मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में डॉ. अंबेडकर के विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है, ऐसे में इस तरह के आयोजनों से समाज में जागरूकता और एकता को बल मिलता है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार इस बार यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में भीम अनुयायियों के शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा के दौरान ‘जय भीम’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठेगा, जिससे सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश प्रसारित होगा। इस आयोजन में उपाध्यक्ष विपिन कुमार, महासचिव कमलेन्द्र गौतम, सचिव ऋषि कुमार, कोषाध्यक्ष नीलम सिंह, संस्थापक सदस्य मोनू कुमार सेठ्ठी, शहर समिति अध्यक्ष तरुण कुमार तथा अतिरिक्त उपाध्यक्ष राज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। सभी लोग अपने-अपने स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस भीम बारात में शामिल होकर इसे सफल बनाएं और बाबा साहेब के आदर्शों को आगे बढ़ाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। यह आयोजन न केवल एक परंपरा है, बल्कि समाज में समानता, न्याय और जागरूकता का प्रतीक भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *