थर्मोकूल को एमएसएमई प्रादेशिक पुरस्कार से गया नवाजा

कानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्रादेशिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गाजियाबाद स्थित थर्मोकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड को विशिष्ट गुणवत्ता उत्पादन के लिए प्रादेशिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उत्पादन और वस्त्र मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान उपस्थित रहे। उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधि के रूप में थर्मोकूल के इंडिया सेल्स हेड हरीश सपरा को पुरस्कार स्वरूप धनराशि का चेक, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान की।इस दौरान मंत्री राकेश सचान ने थर्मोकूल के उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के औद्योगिक विकास में ऐसे उद्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई सेक्टर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार इस क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।कार्यक्रम में जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह ने भी थर्मोकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड के चेयरमैन राजीव कुमार गुप्ता को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान से अन्य उद्यमियों को भी बेहतर गुणवत्ता और नवाचार के लिए प्रेरणा मिलती है। पुरस्कार मिलने पर थर्मोकूल के चेयरमैन राजीव कुमार गुप्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार, एमएसएमई विभाग और उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान कंपनी के लिए गर्व का विषय है और इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा। राजीव कुमार गुप्ता ने इस उपलब्धि को अपने बड़े भाई संजीव कुमार गुप्ता और कंपनी के सभी कर्मचारियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि टीम वर्क और गुणवत्ता के प्रति समर्पण ही कंपनी की सफलता का आधार है।गौरतलब है कि थर्मोकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड घरेलू उपकरणों के निर्माण के क्षेत्र में एक प्रमुख नाम है, जिसने अपनी गुणवत्ता और विश्वसनीयता के दम पर बाजार में अलग पहचान बनाई है। इस सम्मान से न केवल कंपनी बल्कि गाजियाबाद जिले का भी नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *