गाजियाबाद। थाना खोड़ा पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर अपने पति की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक वादी ने थाना खोड़ा में तहरीर देकर बताया कि उसके छोटे भाई बिजेंद्र की हत्या उसकी पत्नी सोनिया उर्फ सोनी ने कर दी है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए इतवार पुश्ता इलाके से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान सोनिया उर्फ सोनी (30 वर्ष) पत्नी बिजेंद्र, निवासी शंकर विहार, खोड़ा कॉलोनी के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसकी शादी करीब 11 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होने लगे। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे छोटी-छोटी बातों पर मारता-पीटता था, जिससे वह परेशान रहती थी।घटना की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने आवेश में आकर अपने पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।