(पहल टुडे) मोहित शर्मा गाजियाबाद- मोदीनगर में स्थित डी.जे.कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज एंड रिसर्च में बीडीएस उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए “रिफ्लेक्शंस 2026”नामक गरिमामय दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया।जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ.हिमांशु एरन,कुलपति,सुभारतीविश्वविद्यालय,देहरादून उपस्थित रहे।गुरुवार को आयोजित इस समारोह में डी.जे.ग्रुप की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ.स्मिति क्लेयर जस्सार,डेंटल प्राचार्य डॉ. पुनीत आहूजा,स्नातक अधिष्ठाता डॉ.मनु धिल्लों,छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ.दीप्ति जावा सहित सभी विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्नातक विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया, जिससे पूरा वातावरण भावनात्मक और गर्व से परिपूर्ण हो उठा।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं और उनके शैक्षणिक सफर को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. हिमांशु एरन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन केवल डिग्री प्राप्त करने का नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी को स्वीकार करने का दिन है। उन्होंने कहा कि सभी नवस्नातक अब समाज के स्वास्थ्य रक्षक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।इसी क्रम में डी.जे. ग्रुप की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. स्मिति क्लेयर जस्सार ने संस्थान की प्रगतिशील सोच को साझा करते हुए बताया कि डी.जे. ग्रुप स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने ‘डी.जे. मेडिसिटी’ परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें डेंटल कॉलेज एक महत्वपूर्ण स्तंभ होगा, जो विद्यार्थियों को अत्याधुनिक सुविधाएं, क्लिनिकल अनुभव और व्यापक अवसर प्रदान करेगा।समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. पुनीत आहूजा ने कहा कि कॉलेज को अपने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्हें विश्वास है कि ये सभी छात्र भविष्य में कुशल एवं संवेदनशील दंत चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे।
समारोह का समापन उत्साह और भावनाओं के साथ हुआ, जहां विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने इस विशेष क्षण को “रिफ्लेक्शंस 2026” के रूप में संजोया और सभी ने नवस्नातकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।