नजीबाबाद/बिजनौर। ऐतिहासिक पथ्थरगढ़ किले पर रविवार को स्वच्छता के प्रति जागरूकता का एक प्रेरक दृश्य देखने को मिला, जब नगर की समाजसेवी डॉ. राखी अग्रवाल के नेतृत्व में उनकी टीम ने व्यापक सफाई अभियान चलाया।अभियान के दौरान किले परिसर और उसके आसपास फैले प्लास्टिक कचरे को साफ किया गया। टीम ने प्लास्टिक की बोतलें, बीयर की खाली बोतलें, चिप्स के पैकेट सहित अन्य गंदगी को एकत्र कर परिसर को स्वच्छ बनाया।विशेष बात यह रही कि सफाई के बाद टीम के सदस्यों ने किले परिसर में मानव श्रृंखला (ह्यूमन चेन) बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस प्रतीकात्मक पहल के माध्यम से लोगों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि ऐतिहासिक धरोहरों की साफ-सफाई बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।गौरतलब है कि पथ्थरगढ़ किला ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ लोकमान्यताओं में भी प्रसिद्ध है और इसे सुल्ताना डाकू के किले के नाम से भी जाना जाता है। ऐसे में इस स्थल की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर समाजसेवियों की यह पहल विशेष महत्व रखती है।डॉ. राखी अग्रवाल ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके और ऐतिहासिक स्थलों को संरक्षित रखा जा सके।