पहल टुडे हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल अब खुलकर सामने आने लगी है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं क्षेत्र के नेताओं की सक्रियता भी तेजी से बढ़ रही है। इसी कड़ी में भाजपा पूर्व विधायक निर्मला संखवार एक बार फिर सुर्खियों में हैं जिनकी लगातार बढ़ती जनसंपर्क गतिविधियां और शीर्ष नेताओं से मुलाकातों ने क्षेत्रीय राजनीति को गर्मा दिया है।हाल ही में पूर्व विधायक निर्मला संखवार ने राजधानी लखनऊ पहुंचकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि यह मुलाकात सिर्फ औपचारिक नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी दावेदारी को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।इसके अलावा पूर्व विधायक निर्मला संखवार ने परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह के समक्ष रसूलाबाद क्षेत्र के माती बिरहुन असालतगंज और तिस्ती मार्गों पर बस सेवा शुरू कराए जाने की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में यातायात की पर्याप्त सुविधा न होने के कारण आमजन विशेषकर मरीजों वादकारियों छात्रों और व्यापारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि बस सेवा शुरू होती है तो इससे न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। उप मुख्य मंत्री और परिवहन मंत्री ने समस्याओं के शीघ्र निराकरण कराए जाने का आश्वासन दिया है ।पूर्व भाजपा विधायक निर्मला संखवार की क्षेत्र में लगातार बढ़ती सक्रियता—गांव-गांव जनसंपर्क स्थानीय कार्यक्रमों में भागीदारी और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने से यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि वह आगामी चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पूर्व विधायक निर्मला संखवार का यह सक्रिय रुख उन्हें एक मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित कर रहा है। सूत्रों के अनुसार भाजपा के अंदर भी टिकट को लेकर मंथन शुरू हो चुका है और ऐसे में पूर्व विधायक निर्मला संखवार की बढ़ती पकड़ अन्य दावेदारों के लिए चुनौती बन सकती है और उनकी संगठन में पकड़ और शीर्ष नेतृत्व से करीबी उन्हें चुनावी दौड़ में आगे रख सकती है वहीं क्षेत्रीय जनता के बीच भी इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि इस बार पार्टी किस चेहरे पर भरोसा जताएगी। निर्मला संखवार की सक्रियता ने जहां समर्थकों में उत्साह भर दिया है वहीं विरोधी खेमों में हलचल बढ़ा दी है।कुल मिलाकर रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल अभी से गर्माता नजर आ रहा है। आने वाले समय में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है जिससे यह सीट एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन सकती है।