गहमर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 15 गुमशुदा मोबाइल बरामद, लाखों की संपत्ति लौटाई

गाजीपुर। जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गहमर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए एक ही दिन में 15 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुमशुदा मोबाइल के संबंध में मिले प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना गहमर पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और सक्रिय प्रयासों के माध्यम से इन मोबाइल फोन को खोज निकाला। पुलिस की इस तत्परता से न केवल लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस मिली, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।मोबाइल वापस मिलने पर सभी धारकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने गहमर पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए गाजीपुर पुलिस की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की।इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना गहमर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिनके प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हो सकी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *