नयागढ़ में पर्यटक बस हादसा, 5 की मौत, 30 से अधिक घायल

 नयागढ़। ओडिशा के नयागढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए।हादसा उस समय हुआ जब एक निजी टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। मृतकों में बस चालक समेत चार महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान हरि पात्रा, लक्ष्मी पात्रा, सुप्रभा साहू और सुमति साहू के रूप में हुई है। सभी यात्री बरहमपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, यह बस शुक्रवार देर रात करीब 60 यात्रियों को लेकर बरहमपुर से हरिशंकर जा रही थी। रास्ते में हनुमान घाटी के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस एक चट्टान से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री बस से बाहर जा गिरे, जबकि 10 से अधिक लोग बस के नीचे फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही दसपल्ला और बनिगोछा पुलिस स्टेशन की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर सर्विस और एंबुलेंस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। गैस कटर की सहायता से बस को काटकर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल दसपल्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल करीब 15 लोगों को जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *