गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के सिधुआपार गांव में शुक्रवार दोपहर हाईटेंशन (एचटी) लाइन से निकली चिंगारी से गेहूं के खेत में आग लग गई। इस घटना में किसान सृजन मिश्रा की लगभग एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।जानकारी के अनुसार, सिधुआपार गांव निवासी किसान सृजन मिश्रा के खेत के ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट की एचटी लाइन से निकली चिंगारी ने खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। शुष्क मौसम और हल्की हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़हलगंज कोतवाली से कोतवाल सुनील कुमार राय और कस्बा इंचार्ज जितेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक सृजन मिश्रा की लगभग एक बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी।इस घटना से पीड़ित किसान को हुए नुकसान पर ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र से गुजर रही जर्जर बिजली लाइनों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।