श्रावस्ती। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय श्रावस्ती में उच्च प्राथमिक विद्यालय गुलरा बंजारा (1-8) की दो बच्चियों (कविता और फूलजहाँ )ने प्रवेश परीक्षा पास कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। गौरतलब है कि इस आवसीय विद्यालय में बालिकाओं के लिए कक्षा 6 से 12 तक पढ़ाई होती है। यहां नामांकन प्रति वर्ष प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होता है। विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार ने बताया कि विद्यालय के प्रतिभावान बच्चों कों विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए अलग से क्लास चलाकर विद्यालय के समस्त स्टॉफ द्वारा तैयारी कराई जाती है। जिससे बच्चे उच्च शिक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सके और अपने माता पिता व देश का नाम रोशन कर सकें। बच्चों के चयन से उनके माता पिता और अध्यापक अत्यंत प्रसन्न है।