बड़हलगंज (गोरखपुर)। चैत्र नवरात्र के नवें दिन महानवमी के अवसर पर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही, जहां मां दुर्गा के सिद्धिदात्री स्वरूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।नगर के बाबा जलेश्वरनाथ में स्थित माँ दिनेश्वरी मंदिर सहित प्रमुख देवी मंदिरों में विशेष पूजन, हवन और कन्या पूजन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने नौ कन्याओं को मां का स्वरूप मानकर उनका पूजन कर प्रसाद एवं उपहार भेंट किए। घर-घर में भी कन्या पूजन की परंपरा निभाई गई, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा। मंदिरों में सुबह से ही भजन-कीर्तन, दुर्गा सप्तशती पाठ और विशेष आरती का आयोजन हुआ। कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय रहा और मंदिर परिसरों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।नवरात्र के अंतिम दिन होने के कारण बाजारों में भी विशेष रौनक देखने को मिली। पूजन सामग्री, फल-फूल और प्रसाद की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।