ई-रिक्शा पलटा, नवविवाहिता समेत एक ही परिवार के 9 लोग घायल

बाजार शुक्ल/अमेठी। जनपद के बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज सड़क हादसे में बंदर से बचने के प्रयास में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नवविवाहिता समेत एक ही परिवार के नौ लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना पूरे पितई गांव के पास की है। बताया जा रहा है कि रायबरेली जनपद के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कोडर निवासी उदयराज सिंह का विवाह सोमवार को मंदिर में संपन्न हुआ था। बुधवार को पूरा परिवार ई-रिक्शा से टीकाराम बाबा और मां कामाख्या भवानी के दर्शन कर वापस लौट रहा था, तभी अचानक सड़क पर बंदर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा और ई-रिक्शा सड़क किनारे खेत में पलट गया।हादसे में उदयराज सिंह, उनकी नवविवाहिता पत्नी विंध्यवासिनी, रीता, मानसी, सरिता, सुनीता, प्रीती और दो मासूम बच्चे श्रेया व अनंत घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार पहुंचाया।चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विंध्यवासिनी और रीता सिंह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष से कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *