फर्रुखाबाद, जनपद में आगामी वित्तीय वर्ष 2026–2027 के लिए वृहद वृक्षारोपण अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे समयबद्ध तरीके से अपनी कार्ययोजना पूर्ण करें। वर्ष 2026 के लिए जनपद को 40.82 लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए भूमि चिन्हांकन और गड्ढों की खुदाई समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ने बताया कि 40 लाख 82 हजार 488 पौधों का लक्ष्य विभिन्न विभागों में आवंटित कर दिया गया है और वृक्षारोपण के लिए स्थान चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ विभागों—जैसे ग्राम्य विकास, राजस्व, नगर पंचायत मोहम्मदाबाद, कमालगंज व शमसाबाद, पीडब्ल्यूडी, कृषि एवं रोडवेज—की कार्ययोजना अभी प्राप्त नहीं हुई है, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा वृक्षारोपण में बड़े पौधों को प्राथमिकता देने, खुले नालों को टैप करने तथा नाविकों के शीघ्र पंजीकरण की भी बात कही गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।