गाजीपुर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जमानियां पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन गोवंश और दो पिकअप वाहनों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ हेतिमपुर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बहादुरपुर पुलिया के पास संदिग्ध गतिविधि हो रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन गोवंश, जिनमें दो गाय और एक बछड़ा शामिल है, तथा दो पिकअप वाहन बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार पुत्र मंगरू कुमार निवासी भगतुआ सरसौल थाना चौबेपुर जनपद वाराणसी (उम्र 26 वर्ष) और अमित यादव पुत्र रामाश्रय यादव निवासी बरवां थाना करंडा जनपद गाजीपुर (उम्र लगभग 22 वर्ष) के रूप में हुई है।इस मामले में थाना जमानियां पर मु0अ0सं0 80/2026 के तहत धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पूरी कार्रवाई उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना जमानियां की पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई, जिसने सक्रियता और तत्परता का परिचय देते हुए अवैध पशु तस्करी के इस प्रयास को विफल कर दिया।