बिगड़ा मौसम का मिजाज,बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी

शिवगढ़ रायबरेली  क्षेत्र में शुक्रवार की रात से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस समय खेतों में गेहूं की फसल कटाई के लिए पूरी तरह से तैयार खड़ी है, वहीं सरसों की कटाई भी जोरों पर चल रही है।
अचानक बदले मौसम के कारण किसानों के चेहरों पर मायूसी छा गई है। बारिश से गेहूं की पकी हुई फसल के खेतों में गिरने और सरसों की गुणवत्ता खराब होने की आशंका है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।गांव के किसान बाबूलाल, प्रेम वर्मा,राकेश मौर्य ने बताया कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही, तो उनकी साल भर की मेहनत बर्बाद हो सकती है। उन्होंने कहा कि फसल तैयार होने के बाद कटाई के समय मौसम का बिगड़ना उनके लिए बड़ी चुनौती है।बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाएं भी फसलों के लिए हानिकारक साबित हो रही हैं। किसानों ने पूरे साल कड़ी मेहनत कर इन फसलों को तैयार किया है, और अब जब कटाई का महत्वपूर्ण समय आया है, तभी मौसम ने करवट ले ली है।फिलहाल, किसान आसमान की ओर देख रहे हैं और दुआ कर रहे हैं कि बारिश जल्द थम जाए, ताकि वे अपनी फसलों को सुरक्षित तरीके से काट सकें। यदि मौसम ने साथ नहीं दिया, तो इस बार उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *