गाजीपुर में नौ दिवसीय जनपदीय विकास महोत्सव का भव्य शुभारंभ, योजनाओं और उपलब्धियों की दिखी झलक

गाजीपुर । केंद्र सरकार के 11 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद गाजीपुर में नौ दिवसीय जनपदीय विकास महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जनपद के प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। यह आयोजन ‘‘नव निर्माण के नौ वर्ष – संकल्प से सिद्धि, सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि’’ थीम पर आधारित है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिल रही है। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश, टेबल कैलेंडर और ‘विरासत भी विकास का वार्षिक कैलेंडर’ वितरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग केंद्र ने ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को टूल किट प्रदान की, वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऋण चेक वितरित किए गए। सूचना विभाग के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया।अपने संबोधन में मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार, किसानों के हित में उठाए गए कदमों और निवेश के क्षेत्र में प्रदेश की बढ़ती पहचान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर थी, लेकिन अब सख्त पुलिसिंग और प्रभावी नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश अन्य राज्यों के लिए मॉडल बन चुका है।वहीं जखनिया विधायक बेदी राम ने सरकार के 9 वर्षों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शनी प्रदेश के विकास की स्पष्ट तस्वीर प्रस्तुत करती है। उन्होंने जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य करते हुए प्रदेश में भयमुक्त वातावरण स्थापित हुआ है। साथ ही, एक्सप्रेस-वे के विकास से यात्रा समय में कमी और कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि यह नौ दिवसीय महोत्सव 18 मार्च से 26 मार्च तक विभिन्न थीम पर आधारित कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जा रहा है। प्रतिदिन लोकमंच और ऑडिटोरियम सभागार में विविध कार्यक्रम होंगे, जहां आमजन योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ उनका लाभ भी ले सकेंगे। 20 मार्च को ‘युवा उद्यमी, हस्तशिल्प एवं ODOP’ थीम पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुबाष चन्द्र सरोज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *