अमेठी। चैत्र नवरात्रि के दौरान शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने गुरुवार को जनपद भ्रमण कर प्रमुख मंदिरों के सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।उन्होंने संग्रामपुर थानाक्षेत्र में स्थित माता कालिका धाम मंदिर व अमेठी क्षेत्र के देवीपाटन मंदिर में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।एसपी ने मंदिर प्रबंधन से वार्ता कर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में बढ़ती भीड़ को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने मां कालिका जी के दर्शन-पूजन कर सगरे में मौजूद मछलियों को दाना भी डाला। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा, संग्रामपुर थानाध्यक्ष संजय सिंह, अमेठी कोतवाल रवि सिंह सहित उप निरीक्षक राम प्रकाश यादव सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।