बहराइच l राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर विश्व धूम्रपान निषेध दिवस मनाया गया। इस अवसर पर तंबाकू उत्पादों से होने वाली जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए गोष्ठी, हस्ताक्षर अभियान और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए।मुख्य कार्यक्रम सीएमओ कार्यालय के सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पारितोष तिवारी ने किया, जिन्होंने उपस्थित लोगों को धूम्रपान न करने और तंबाकू छोड़ने की शपथ दिलाई। गोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने कहा कि तंबाकू उत्पादों के सेवन से उच्च रक्तचाप, अनिद्रा और कैंसर जैसी घातक बीमारियां जन्म लेती हैं। उन्होंने कोटपा (COTPA) अधिनियम-2003 की जानकारी देते हुए बताया कि तंबाकू की लत छोड़ने के लिए टोल-फ्री नंबर 1800112356 पर मदद ली जा सकती है। उन्होंने आगाह किया कि स्मोकिंग से लंग कैंसर, सीओपीडी, हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। पैकेट पर चेतावनी लिखे होने के बावजूद लोग इसे नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे पूरा परिवार संकट में पड़ जाता है।read more:https://pahaltoday.com/education-is-the-most-powerful-weapon-for-women-empowerment-manager-sitara-devi/ युवाओं और युवतियों में तेजी से बढ़ रही स्मोकिंग की लत कैंसर डे केयर सेंटर के प्रभारी डॉ. पारितोष तिवारी ने चिंता जताते हुए कहा कि लड़कों के साथ-साथ लड़कियों में भी स्मोकिंग की लत तेजी से बढ़ रही है। पहले यह हाई-प्रोफाइल सोसायटी तक सीमित था, लेकिन अब आम युवतियां भी सिगरेट, वीड, केनेबिस और निकोटीन गम्स का सेवन कर रही हैं। वहीं, एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने कहा कि तंबाकू की लत व्यक्ति के साथ पूरे परिवार को बर्बाद कर देती है। युवाओं को जागरूक कर इन बीमारियों से बचाना हम सभी का कर्तव्य है।शिक्षण संस्थानों के पास तंबाकू बिक्री पर है प्रतिबंध जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी बृजेश सिंह ने तंबाकू नियंत्रण अधिनियम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धारा-4 के तहत सभी सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पूर्णतः प्रतिबंधित है। वहीं, धारा-6 के तहत शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में और नाबालिगों को तंबाकू बेचना अपराध है। अचल प्रशिक्षण केंद्र में समूह चर्चा (फोकस्ड ग्रुप डिस्कशन) के बाद आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और सीएचओ ने एक विशाल जागरूकता रैली निकालकर आम जनमानस को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. विजित जायसवाल, डॉ. रियाजुल हक, एफएलसी विवेक श्रीवास्तव, मोहम्मद हारून, शरद श्रीवास्तव, संतोष सिंह, बृज प्रकाश, स्वाती श्रीवास्तव, मुकेश हंस, हरीश कुमार, सीमा कुमारी, अजय प्रताप और मनीष कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।