बड़हलगंज में घरेलू गैस किल्लत, कालाबाजारी पर पूर्व चेयरमैन सूरज जायसवाल बोले, जल्द समाधान न होने पर करेंगे आंदोलन

बड़हलगंज और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से घरेलू गैस की भारी किल्लत के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। इस समस्या पर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष और बड़हलगंज के पूर्व चेयरमैन सूरज जायसवाल ने जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।जायसवाल ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी गोरखपुर के जिलाधिकारी से मोबाइल पर बात की गई थी और एक ज्ञापन भी सौंपा गया था। उस समय जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया था कि प्लांट में तकनीकी समस्या के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा और उपभोक्ताओं तक नियमित रूप से सिलेंडर पहुंचाए जाएंगे। कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन अब यह समस्या फिर से उत्पन्न हो गई है।सूरज जायसवाल का आरोप है कि बड़हलगंज क्षेत्र में बड़े पैमाने पर घरेलू गैस की कालाबाजारी हो रही है। उपभोक्ताओं को मजबूरन लगभग 1500 रुपये में ब्लैक में सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है। इसके अलावा, शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में भी बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडरों की अवैध आपूर्ति की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं।जायसवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं किया गया और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगी, तो समाजवादी पार्टी व्यापार सभा गोरखपुर की जिला कमेटी के साथ मिलकर प्रदर्शन और अनशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित गैस एजेंसियों की होगी।गौरतलब है कि सूरज जायसवाल वर्तमान में समाजवादी पार्टी व्यापार सभा गोरखपुर के जिलाध्यक्ष, बड़हलगंज के पूर्व चेयरमैन, जायसवाल क्लब उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष और एंटी करप्शन कोर ऑफ इंडिया के मंडल प्रभारी के पदों पर भी कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *