राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार के लिए गाजीपुर में जागरूकता रैली, 14 मार्च को होगा वादों का निस्तारण

गाजीपुर। माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को जनपद न्यायालय गाजीपुर से जागरूकता रैली एवं प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली को माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने न्यायालय परिसर के गेट संख्या-1 से रवाना किया।इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से वादकारियों को अपने मामलों का सहज, सुलभ और त्वरित निस्तारण कराने का अवसर मिलता है। लोक अदालत में वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, मोटर दुर्घटना दावा, ऋण वसूली, सेवा विवाद, बंटवारा संबंधी मामले तथा शमनीय आपराधिक मामलों सहित विभिन्न प्रकार के वादों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जाता है।उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग 14 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने मामलों का निस्तारण कराकर समय और धन दोनों की बचत करें।इस मौके पर संजय हरी शुक्ला (पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण), अली रजा (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कक्ष सं0-03), शक्ति सिंह (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कक्ष सं0-01 एवं नोडल अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण), अभिमन्यु सिंह (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, एससी/एसटी एक्ट), राम अवतार प्रसाद (विशेष न्यायाधीश, पॉक्सो), अलख कुमार (स्पेशल जज, ईसी एक्ट), नूतन द्विवेदी (मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी), अर्चना (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।इसके अतिरिक्त लीड बैंक यूबीआई व अन्य बैंकों के अधिकारी, सिविल बार एसोसिएशन गाजीपुर के अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह, महासचिव अंजनी कुमार ठाकुर, जिला शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय, अधिवक्तागण, मध्यस्थ अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पराविधिक स्वयंसेवक एवं न्यायालय कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *