डीजल के भंडारण की शिकायत पर जांच करने पहुंचे एसडीएम

बाराबंकी। फतेहपुर में एक पेट्रोल पंप पर अवैध रूप से डीजल के भंडारण और अनियमित बिक्री की शिकायत मिली थी। इस पर तहसील प्रशासन ने छापेमारी कर कार्रवाई की। जांच में गड़बड़ी पाए जाने के बाद एसडीएम ने पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल की खरीद-बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी। बड्डूपुर थाना क्षेत्र के गंगचैली गांव में स्थित कोर एनर्ज पेट्रोल फिलिंग स्टेशन के खिलाफ डीजल के अवैध भंडारण और संदिग्ध बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर शुक्रवार रात एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने पूर्ति निरीक्षक संजय कुमार की टीम के साथ पेट्रोल पंप पर छापा मारा।read more:https://pahaltoday.com/indian-administrative-service-officers-recruited-from-state-civil-services-and-attending-the-128th-induction-training-programme-at-lbsnaa-call-on-the-president/  टीम ने वहां के अभिलेखों की गहन जांच की। जांच के दौरान अधिकारियों को रिकॉर्ड में कई अनियमितताएं मिलीं। अभिलेखों में एक ही व्यक्ति के नाम पर 50 हजार, 30 हजार और 20 हजार रुपये की पर्चियां काटकर डीजल की बिक्री दर्ज की गई थी। रिकॉर्ड के अनुसार, लगभग 4200 लीटर डीजल की बिक्री दर्शाई गई, जिससे अनियमितता और संभावित कालाबाजारी की आशंका जताई गई। अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का निरीक्षण करने के बाद पेट्रोल पंप पर डीजल और पेट्रोल की खरीद-फरोख्त पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप को फिलहाल सीज कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पूर्ति निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य पेट्रोल पंप संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि तेल की कालाबाजारी और अवैध भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *